SHAHGANJ. जौनपुर जिले के शाहगंज नगर से सटे उसरा भांदी गांव में गुरुवार की रात एक 28 वर्षीय विवाहिता का शव बंद कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
उक्त गांव निवासी संजीव कुमार की पत्नी मनीता उर्फ पूनम का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सास सुनीता देवी ने जब बहू को इस हालत में देखा तो तुरंत अपने पति और बड़े बेटे उमेश को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जेठ उमेश ने फंदा काटकर उसे उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। शुक्रवार सुबह मायके से पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दोपहर में पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतका मनीता उर्फ पूनम निवासी सरपतहा थाना क्षेत्र के सराय मोहिद्दीनपुर में शादी अप्रैल 2025 में उसरा भांदी गांव निवासी रामचंदर के मझले बेटे संजीव कुमार के साथ रीति-रिवाज से हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार शादी को अभी लगभग दस माह ही हुए थे। ऐसे में अचानक हुई इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं।
परिवार के मुताबिक घटना के समय पति संजीव कुमार वाराणसी में थे। ससुर वाहन लेकर बाहर गए थे और बड़ा भाई टेम्पो लेकर बाजार गया था। घर पर केवल मृतका और उसकी सास मौजूद थीं।
प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी