जौनपुर। केराकत क्षेत्र के चौकियां नई बाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के सामने सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरौनी पश्चिम पट्टी निवासी अविनाश उर्फ मेटी पुत्र संजू अपने साथ अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र, पंकज कुमार पुत्र जोखू तथा ईशु कुमार पुत्र संजय कुमार को लेकर बाइक से अपने घर से देवकली बाजार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चौकियां नईबाजार स्थित काशी गोमती ग्रामीण बैंक के सामने पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर गाजीपुर जनपद के चांदेपुर थाना क्षेत्र निवासी गजराज पुत्र रामजियावान अपने पुत्र सूरज के साथ जौनपुर से गाजीपुर की तरफ जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए अविनाश कुमार पुत्र मंजू, अमित कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार, पंकज कुमार पुत्र जोखू, ईशु कुमार पुत्र संजय कुमार तथा गजराज कुमार पुत्र रामजियावान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल सूरज पुत्र गजराज निवासी चांदेपुर थाना खानपुर जनपद गाजीपुर की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी