जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा शुक्रवार करीब सवा 12 बजे रामीपुर मेढ़ा मोड़ स्थित एक नाई की दुकान पर सेविंग करवा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली उनके बगल से गुजरते हुए दीवार में जा लगी, जबकि दूसरी गोली निशाने से चूक गई। अचानक हुई घटना से दुकान पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
आशीष मिश्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश बाइक से रतासी बाजार की तरफ फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी