Breaking News

जौनपुर। खेमापुर (कटौना) में राजस्व टीम के साथ कथित अभद्रता, पांच नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के खेमापुर (कटौना) गांव में परती भूमि पर की जा रही राजस्व कार्रवाई के दौरान राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ कथित अभद्र व्यवहार, सरकारी कार्य में बाधा तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खेमापुर (कटौना) स्थित आराजी संख्या 258/0.332 हेक्टेयर की परती भूमि पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं द्वारा पूर्व में पारित आदेश के अनुपालन में 17 जून 2026 को राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। आरोप है कि राजस्व टीम द्वारा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और पत्थरगड्डी संबंधी कार्रवाई शुरू किए जाने पर कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, गांव के धर्मेंद्र कुमार, लवकुश, विमलेश, अविनेश पुत्रगण घमंडी तथा अन्य लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। आरोप है कि संबंधित लोगों ने राजस्व एवं पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रामपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर संख्या 0124/2026 दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 221, 352, 351(3) एवं 191(2) के तहत मुकदमा कायम किया है।

एफआईआर के अनुसार घटना 17 जून 2026 की है तथा उसी दिन शाम 6:11 बजे थाना रामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेंद्र धर पांडेय को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

About BRC24NEWS

Check Also

जौनपुर। मुफ्तीगंज में टीनशेड तो मडियाहू में विशालकाय गिरा पेड़ कोई हताहत नहीं

जौनपुर। मुफ्तीगंज विकास खंड के रामपुर बाजार में तेज हवा व बरसात के चलते टीनशेड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!