जौनपुर। जिले के सुरेरी थाना में मंगलवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब जनसुनवाई के दौरान थाना परिसर के समीप लगे ट्रांसफार्मर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज धमाकों के साथ ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने लगी और बगल में लगी स्ट्रीट लाइट में भी आग लग गई। घटना से जनसुनवाई के लिए पहुंचे फरियादियों और पुलिसकर्मियों में दहशत फैल गई। हालांकि ट्रांसफार्मर पीछे था इसीलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे थानाध्यक्ष सुरेरी दिव्य प्रकाश सिंह थाने में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली जनसुनवाई कक्ष के बगल में लगे ट्रांसफार्मर पर जा गिरी। बिजली गिरते ही तेज धमाका हुआ और ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने लगी। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट में आग लग गई।
अचानक हुए धमाके से वहां मौजूद पुलिसकर्मी और शिकायतकर्ता सहम गए। कुछ देर के लिए थाने में अफरातफरी का माहौल बन गया। लोगों का कहना था कि जिस समय बिजली गिरी, उस दौरान थानाध्यक्ष और कई फरियादी ट्रांसफार्मर के समीप ही मौजूद थे। गनीमत रही कि आकाशीय बिजली की चपेट में कोई नहीं आया।
घटना के बाद क्षेत्र में भी इसकी चर्चा होती रही। लोगों ने कहा कि समय और संयोग अच्छा था, अन्यथा बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी। लोगों ने इसे बड़ी दुर्घटना टलने की घटना बताया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेरी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली ट्रांसफार्मर पर गिरने से तेज आवाज हुई और चिंगारी निकली। ईश्वर की कृपा से सभी लोग सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी