शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के शामिल न होने के बाद लगाई जा रही अटकलों को विराम देते हुए पार्टी के फायरब्रांड प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा है कि अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा की प्रमुख सहयोगी कांग्रेस होगी और चुनाव इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा।

रविवार को नवीं मुंबई स्थित यूपी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजकुमार भाटी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल इंडिया गठबंधन में किसी नए राजनीतिक दल को शामिल करने की कोई योजना नहीं है। भाटी ने दावा किया कि चुनाव के नतीजे लोगों को चौंका देंगे और चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, जिसे कोई रोक नहीं पाएगा।
राजकुमार भाटी ने यूपी की डबल इंजन सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अपराध कई गुना बढ़ गए हैं। पॉक्सो के केस पर कोई नियंत्रण नहीं है। स्थिति तो यहां तक पहुंच गई है कि अपराध के मामले में पूरे देश में उत्तर प्रदेश नंबर एक पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास का तो दावा करते हैं, लेकिन विकास कहीं धरातल पर दिखता नहीं।
भाटी ने कहा कि 26 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं। स्कूल-कॉलेजों के स्थान पर शराब की दुकानें बढ़ रही हैं। धार्मिक कट्टरता और आपसी वैमनस्यता को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीडिया मैनेज कर सरकार चला रहे हैं। कुछ मीडिया को छोड़कर सच को छिपाया जाता है।
सपा प्रवक्ता ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना के तहत की गई है, जिसका फायदा भाजपा सरकार को मिल रहा है। बिहार और बंगाल में जो सरकार बनी है, वह इसका जीता-जागता उदाहरण है। एसआईआर के नाम पर धांधली कर बिहार और बंगाल में सरकार बनाई गई है।
राजकुमार भाटी ने कहा कि यूपी में भी व्यापक पैमाने पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे गए हैं, जिसके संबंध में सपा ने 18 हाजर शपथ पत्र चुनाव आयोग को दिए थे। लेकिन आज तक उसका कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रत्याशी जहां 100-200 से कम मतों से चुनाव जीतता है, वहां हमें हरा दिया जाता है। 2027 में होने वाला यूपी विधानसभा का चुनाव सपा विकास के मुद्दे पर लड़ेगी, जिसके लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता भी कमर कस चुका है। कार्यकर्ता हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। इस बार किसी की धांधली नहीं चलने वाली है। चुनाव के बाद परिणाम चौंकाने वाले होंगे और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी