जौनपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार मोहल्ले में घरेलू बात को लेकर हुए विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार पुरानी बाजार निवासी घूरेलाल गुप्ता 60 वर्ष का अपने बेटे सुभाष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि बड़ा बेटा सुभाष ने आपा खो दिया और घर में रखी एक नुकीली चीज उठाकर अपने पिता घूरेलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में घूरेलाल के शरीर से भारी मात्रा में खून बहने लगा और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल घूरेलाल को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपी बेटे सुभाष के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी और दहशत का माहौल बना हुआ है। मोहल्ले में बेटे की इस करतूत की लोग निंदा कर रहे हैं।
Add
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी