JAUNPUR. जौनपुर जिले के खेतासराय क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज नगर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।
पहली घटना: पति-पत्नी को पिकअप ने मारी टक्कर
यह हादसा गुरुवार दोपहर उस समय हुआ जब उसरहटा गांव निवासी हारिश अपनी पत्नी फौजिया (34) के साथ बाइक पर सवार होकर नायरा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह सड़क पार कर रहे थे, पीछे से आ रही एक तेज़ रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। हादसे में फौजिया गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज कस्बे के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। हारिश को मामूली चोटें आईं। पिकअप चालक घटना के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दूसरी घटना: सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला
दूसरी घटना बुधवार की रात अब्बोपुर गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप की है। यहाँ की निवासी कमला देवी (45) सड़क पार कर रही थीं, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पीएचसी सोंधी पहुँचाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
तीसरी घटना: तेज रोशनी से आंखें चौंधियाईं, बाइक सवार गिरा
तीसरी घटना जैगहाँ गांव निवासी अरविंद विश्वकर्मा (47) के साथ घटी। वह बुधवार रात अपनी बाइक से किसी कार्यवश कस्बे से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जमदहाँ के पास पहुंचे, सामने से आ रही किसी भारी वाहन की तीव्र रोशनी के कारण उनकी आंखें चौंधिया गईं और संतुलन बिगड़ने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें उठाकर नज़दीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।
तीनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस ने घटनास्थलों का मुआयना कर संबंधित जानकारियाँ जुटाई हैं और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस पिकअप और अन्य अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी