JAUNPUR. पवांरा थाना क्षेत्र में दलित नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने और जातिसूचक शब्दों से गाली-गलौज करने के आरोपित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार की सुबह खाखोपुर बाजार से पकड़कर चालान सहित न्यायालय भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र की एक दलित नाबालिग लड़की ने पिछले महीने थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में उसने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात पवन पटेल नामक युवक से हुई। युवक ने कपटपूर्वक उससे लगाव बढ़ाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना शुरू किया। इसके बाद वह उसे मुंबई ले गया और फिर अपने घर लाकर कई बार शारीरिक शोषण किया।
लड़की का आरोप है कि जब वह गर्भवती हो गई तो युवक ने जबरदस्ती उसका गर्भपात करा दिया। शादी के लिए दबाव बनाने पर उसने जातिसूचक शब्दों से गाली दी और जंघई रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पवन पटेल पुत्र गुरुदीन पटेल, निवासी करौंदा, थाना पवांरा, जनपद जौनपुर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार की सुबह उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव, कांस्टेबल धनंजय यादव व संजय चौहान ने अभियुक्त को खाखोपुर बाजार से गिरफ्तार कर चालान हेतु न्यायालय भेज दिया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी