अनिल कुमार सिंह रिपोर्टर
RAMPUR. जौनपुर जिले के रामपुर के गोपालापुर गांव निवासी 40 वर्षीय अजय तिवारी की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने थानाध्यक्ष रामपुर को तहरीर देकर मामले के जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के रमईपुर गांव निवासी अजय तिवारी सोमवार की सुबह अपनी पत्नी कुसुम देवी, बेटे आकाश तिवारी, और दो बेटियों उर्वशी व हशिता तिवारी के साथ मुंबई से अपने पैतृक घर लौटे थे। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह अजय तिवारी मृत पाए गए, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
पत्नी कुसुम देवी ने बताया कि अजय के पिता शिवसागर तिवारी का निधन करीब 20 वर्ष पहले हो चुका था। उनके नाम पर कुल 12 बिस्वा भूमि थी, जो परिवार के चार सदस्यों मां इंद्रावती देवी, अजय तिवारी, विजय तिवारी और अमित तिवारी के नाम पर दर्ज थी। लगभग 10 वर्ष पूर्व अमित तिवारी की मुंबई में ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद से ही परिवार में जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया था।
ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक विवाद और कलह के चलते अजय तिवारी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे।
पोस्टमॉर्टम को लेकर परिवार में मतभेद
अजय की मौत के बाद उनकी पत्नी कुसुम देवी ने सास इंद्रावती देवी को सूचना दी। इसके बाद इंद्रावती देवी और उनका बेटा विजय तिवारी पोस्टमॉर्टम कराने की मांग को लेकर थाने पहुंचे। वहीं, मृतक की पत्नी और बेटा पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर रहे हैं, उनका कहना है कि अजय की मौत स्वाभाविक थी। वहीं अजय की मां और भाई का कहना है कि सच्चाई जानने के लिए पोस्टमॉर्टम जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत स्वाभाविक थी या किसी साजिश का परिणाम है।
घटना की सूचना इंस्पेक्टर विनोद कुमार को मिली उन्होंने तत्काल गोपालापुर चौकी इंचार्ज मंहगूराम यादव को पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर भेजा। जहां पर पोस्टमार्टम को लेकर तरह-तरह की बातें दोनों पक्षों में चल रही थी पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
गोपालापुर चौकी इंचार्ज मंगूराम यादव ने बताया —
“परिवार के दोनों पक्षों में मतभेद है। हमने स्थिति को नियंत्रण में लेकर शव को कब्जे में लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।”
गांव में पसरा मातम और चर्चा का माहौल
रमईपुर गांव में अजय तिवारी की मौत से मातम का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, अजय पिछले कुछ दिनों से तनावग्रस्त थे और गांव लौटने के बाद भी बेहद चुपचाप दिखाई दे रहे थे। जमीन विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच हुई उनकी मौत अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस मामले में इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि परिवार के कुछ लोगों के विवाद पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद परिवार वालों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी