RAMPUR. रामपुर थाना पुलिस की ओर से एक विशेष नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम थाना क्षेत्र के जमालापुर, गोपालापुर रामलीला मैदान और न्यू कैरियर पब्लिक स्कूल रामपुर में क्रमशः आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर थाना प्रभारी विनोद कुमार स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने कहा कानून की जानकारी हर नागरिक का अधिकार है। जब समाज कानून को समझेगा और उसका पालन करेगा, तभी अपराधों पर नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण की स्थापना संभव होगी।”
कलाकारों ने नाटक के माध्यम से दी सीख
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक, जिसमें हास्य और व्यंग्य के माध्यम से गंभीर सामाजिक संदेश दिए गए। नाटक में दिखाया गया कि कैसे अफवाह, लापरवाही और कानून की अनभिज्ञता कई बार आम आदमी को परेशानी में डाल देती है।
कलाकारों ने मंच से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की नई धाराओं की जानकारी दी और बताया कि इन बदलावों से न्याय व्यवस्था और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बन गई है। साथ ही, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी जानकारियाँ भी साझा की गईं।

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों पर जागरूकता
महिला पुलिस कर्मियों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को शॉर्ट फिल्म के माध्यम से उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181 और 1930 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर मदद प्राप्त की जा सकती है।
जनता ने पुलिस के पहल की किया सराहना
स्थानीय नागरिकों और व्यापारी संगठनों ने इस पहल की जमकर सराहना की। गोपालापुर बाजार के दुकानदार लाल साहब ने कहा—पहली बार पुलिस को इस तरह जनता के बीच संवाद करते देखा है। नाटक के जरिए जो संदेश दिया गया, वह हर व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।”
पुलिस टीम की सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर जमालापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, गोपालापुर चौकी प्रभारी मंहगू राम, उपनिरीक्षक मोहम्मद इस्लाम सहित थाने के अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे। पुलिस कर्मियों ने जनता के बीच पंपलेट और बुकलेट वितरित किए, जिनमें नए कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी थी।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी