MARIYAHU. रामनगर विकासखंड सभागार में सोमवार को ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय बन अधिकारी विद्यासागर भारती ने की।
इस अवसर पर उन्होंने किसानों को पौधारोपण एवं नर्सरी तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए मिट्टी, बालू और खाद की उचित मात्रा का ध्यान रखना आवश्यक है। साथ ही किसानों को नर्सरी चयन और पौधशाला स्थापना की प्रक्रिया समझाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि टेरी (TERI) संस्था के माध्यम से चल रहे कार्बन क्रेडिट कार्यक्रम के तहत पेड़ों का सर्वे किया जा रहा है। एक पेड़ की कार्बन अवशोषण क्षमता के आधार पर किसानों को लगभग 500 रुपये तक की राशि दी जाती है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया जा रहा है। ग्राम प्रधानों के माध्यम से पौधे बंजर एवं ग्राम समाज की भूमि पर लगाए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर वन क्षेत्र अधिकारी अमित कुमार, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायकों, ग्राम सचिवों एवं क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी