RAMPUR. जौनपुर जिले की रामनगर विकासखंड अंतर्गत दमोदरा ग्राम सभा में सोमवार दोपहर ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) संदीप कुमार और ग्राम प्रधान के चचेरे भाई के बीच विवाद और मारपीट करने के मामले में रामपुर थाना में पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्रधान समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार गौशाला का निरीक्षण करने सोमवार को पहुंचे थे, जहाँ पहले से मौजूद ग्राम प्रधान के चचेरे भाई से पैसों के लेन-देन को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद हाथापाई में बदल गया, जिसे मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह शांत कराया।
घटना की सूचना मिलते ही खंड विकास अधिकारी रेनू चौधरी एवं कई अन्य ग्राम विकास अधिकारी मौके पर पहुँचे। इसके बाद सभी अधिकारी दामोदर गांव सभा थाना रामपुर पहुंचे और तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रधान समेत तीन नामजद और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने ग्राम विकास अधिकारी संदीप पटेल की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान अजीत सिंह, हरषू, सुजीत सिंह सहित कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गौशाला में हुई झड़प के दौरान सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई और मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में धारा 221, 132, 115 (2), 352, 361(2) BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
प्रधान ने लगाया पाँच लाख रुपये से अधिक की निकासी का आरोप
ग्राम प्रधान अजीत सिंह ने ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए बताएं कि सेक्रेटरी ने बिना अनुमति के सन इंटरप्राइजेज, अमित ईंट उद्योग और श्रीराम इंटरप्राइजेज नामक फर्मों के माध्यम से तीन और चार नवंबर को पाँच लाख रुपये से अधिक की राशि खाते से निकाल ली। प्रधान ने आश्चर्य व्यक्त किया कि मैं इन फर्मों का नाम तक नहीं जानता हूं तथा जब इस संबंध में स्पष्टीकरण माँगा गया तो अधिकारी द्वारा टालमटोल की गई।
मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा समेत गंभीर आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी