RAMPUR. रामपुर थाना के भगेरी गांव में पंचायत भवन के एक कमरे में रखे नीले ड्रम के अंदर मिले मासूम के शव के मामले का खुलासा हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हुआ है कि बच्चे की मौत ऑक्सीजन न मिलने के कारण हुई थी। इससे पहले परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार भगेरी गांव निवासी बृजेश यादव का चार वर्षीय पुत्र शिवांश उर्फ ओम शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक परिजनों की नजर से ओझल हो गया। काफी देर तक बच्चे का पता न चलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे घर के बगल स्थित पंचायत भवन के एक कमरे में रखे नीले ड्रम में उसका शव मिला। शव की स्थिति में पैर ऊपर और सिर नीचे की ओर था।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा ने बताया कि बच्चे की मौत ऑक्सीजन न मिलने से हुई है। आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते मासूम पंचायत भवन तक पहुंचा और ड्रम में गिर गया, जिससे सांस लेने में दिक्कत हुई और उसकी जान चली गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी