जौनपुर। सरायख्वाजा थाना पुलिस टीम ने फर्जी व धोखे से शादी कराकर लोगों से पैसे और गहने ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 2800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम मंगलवार को अपने क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान खानपट्टी क्षेत्र में मुखबिर खास ने सूचना दी कि मु0अ0सं0 0063/26 से संबंधित अभियुक्त मनोज कुमार इस समय चम्बलतारा स्थित गौतम बुद्ध स्कूल के पास मौजूद है और कहीं फरार होने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम मनोज कुमार पुत्र रामशिरोमणि निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ बताया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो शादी के इच्छुक जरूरतमंद लोगों को लुभावने प्रस्ताव देकर लड़की दिखाने के बहाने बुलाता है और फिर बातों में उलझाकर उनसे नकदी और गहनों की ठगी कर लेता है।
अभियुक्त ने बताया कि 7 फरवरी 2026 को लुधियाना से आई एक पार्टी से गिरोह ने एक अंगूठी, एक चैन और 5100 रुपये नकद की ठगी की थी। गिरोह में बबिता, रिशभ, राजू, किशन और चंदन शामिल थे। बंटवारे में उसके हिस्से में 5100 रुपये आए थे, जिनमें से कुछ खर्च हो चुके थे।
जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से पैंट की दाहिनी जेब से 2800 रुपये नकद बरामद किए गए, जिसमें 500 रुपये के पांच और 100 रुपये के तीन नोट शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में थाना सरायख्वाजा में अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 0063/26 धारा 319(4), 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निखिलेश तिवारी और कांस्टेबल अनीश कुमार शामिल रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी