जौनपुर। सरायख्वाजा थाना पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय गौ-तस्करी में संलिप्त एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। मौके से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा व एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में मंगलवार 10 फरवरी 2026 को थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक सफेद पिकअप पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा पीछा कर रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस घेराबंदी से घबराकर पिकअप सवार बदमाश देवकली नहर पुलिया के पास वाहन से नियंत्रण खो बैठे और पिकअप पुलिया से टकरा गई।
आत्मरक्षा में पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल अभियुक्त की पहचान मो. सलमान पुत्र मेराज निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर उसका एक साथी मोनू उर्फ बलवंत बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। पिकअप वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना सरायख्वाजा में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मो. सलमान के विरुद्ध गौवध निवारण अधिनियम, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सैयद हसन जाफर रिजवी, उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, हेड कांस्टेबल संजय सोनकर, कांस्टेबल विनोद सिंह एवं कांस्टेबल कृष्णानन्द यादव शामिल रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी