Breaking News

RAMPUR. झूठी हत्या की सूचना से हड़कंप: मुंबई से बेटे ने किया फोन, जौनपुर पुलिस दौड़ी, जांच में निकली अफवाह

RAMPUR. जौनपुर जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनीडीह गांव में उस समय हड़कंप मच गया। जब कंट्रोल रूम को एक युवक ने फोन कर अपनी ही मां की हत्या की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और सर्किल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके के लिए रवाना हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बनीडीह गांव निवासी कुलदीप मिश्रा जो वर्तमान में मुंबई में रहकर कार्य करता है, ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसकी माता सीमा मिश्रा का पड़ोसियों से जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से पीटकर उनकी हत्या कर दी है।

गंभीर सूचना मानते हुए पुलिस महकमा तत्काल सक्रिय हो गया। वायरलेस सेट से संदेश प्रसारित होते ही सर्किल के सभी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। इसके अतिरिक्त लगभग आधा दर्जन पीआरवी-112 की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस की भारी मौजूदगी से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो मामला पूरी तरह भिन्न निकला। जांच में पाया गया कि सीमा मिश्रा जीवित हैं और पड़ोसियों से केवल जमीन को लेकर कहासुनी व मामूली विवाद हुआ था, हत्या जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। इसके बाद पुलिस सीमा मिश्रा को थाने ले आई और दोनों पक्षों से पूछताछ की गई।

पूछताछ व जांच के उपरांत पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को थाने लाकर शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।

इस संबंध में थाना प्रभारी मंजीत कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति थी। एहतियातन कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति का शांतिभंग में चालान किया गया है। साथ ही, कंट्रोल रूम को झूठी हत्या की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले कुलदीप मिश्रा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं को केवल सत्य एवं आवश्यक स्थिति में ही सूचना दें, ताकि वास्तविक घटनाओं पर समय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

About BRC24NEWS

Check Also

जौनपुर। मुफ्तीगंज में टीनशेड तो मडियाहू में विशालकाय गिरा पेड़ कोई हताहत नहीं

जौनपुर। मुफ्तीगंज विकास खंड के रामपुर बाजार में तेज हवा व बरसात के चलते टीनशेड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!