शीतला प्रसाद सरोज
MUMBAI. मुंबई में रमजान के पवित्र माह के दौरान गैर सरकारी संस्था ‘सत्यवादी’ की ओर से रविवार को शाम जोगेश्वरी (पश्चिम) के आनंदनगर, न्यू लिंक रोड स्थित संस्था के जनसंपर्क कार्यालय पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद रोजेदारों को ईद किट वितरित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई रोजेदार परिवारों ने उपस्थित होकर संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
इस मौके पर संस्था के चेयरमैन तथा भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष एस. एम. खान ने बताया कि रमजान के महीने में मुस्लिम समाज के लोग रोजा रखकर इबादत करते हैं और शव्वाल का चांद नजर आने के बाद ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः रमजान 30 रोजों का होता है और चांद दिखाई देने की स्थिति में 19 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि जोगेश्वरी के बेहरामबाग, आनंदनगर और आसपास के क्षेत्रों में पहले से जरूरतमंद रोजेदारों को कूपन वितरित किए गए थे, जिसके आधार पर यह ईद किट प्रदान की गई। प्रत्येक किट में चावल, आटा, दाल, नमक, तेल, खजूर, सेंवई, घी और शक्कर जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई थी, ताकि रोजेदारों को सहूलियत मिल सके और वे बिना किसी चिंता के इबादत कर सकें। संस्था की ओर से हजारों लोगों को राशन किट वितरित की गई।
एस. एम. खान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य रमजान के पवित्र अवसर पर जरूरतमंदों की मदद कर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संस्था के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक सेल, मुंबई के अध्यक्ष वसीम खान, कामगार नेता अभिजीत राणे, भाजपा उत्तराखंड सेल,मुंबई अध्यक्ष महेंद्र सिंह गोसाईं, सुनील दुबे, आरिफ खान सहित बड़ी संख्या संस्था के पदादिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी