जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर क्षेत्र के धर्मापुर बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गैस सिलेंडर की डिलीवरी देने गए पिता-पुत्र पर दबंगों ने हमला कर दिया। सिलेंडर रिफिल करने के विवाद में 10-12 अज्ञात लोगों ने न केवल डिलीवरी मैन के बेटे की पिटाई की, बल्कि जेब से पैसे छीनकर वाहन की चाबी भी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुण्डी मुफ्तीगंज निवासी सुरेंद्र राय पुत्र उमाशंकर राय, भारत गैस एजेंसी धर्मापुर में डिलीवरी मैन का कार्य करते हैं। बुधवार, 25 मार्च को वह अपनी वैन (UP 62 T 3994) से गैस वितरण के लिए निकले थे। रात करीब 9:44 बजे जब वह धर्मापुर बाजार स्थित माँ दुर्गा फिलिंग स्टेशन पर अपनी गाड़ी खड़ी कर फोन लगा रहे थे, तभी सामने स्थित एक चाइनीज कॉर्नर से 10-12 लोग खाली एचपी सिलेंडर लेकर आए और उसे रिफिल करने का दबाव बनाने लगे। सुरेंद्र राय ने जब यह कहकर मना किया कि उनकी कंपनी भारत गैस की है और वह केवल बुक किए गए सिलेंडर ही देंगे, तो आरोपी भड़क गए।
आरोपियों ने जबरन गाड़ी पर चढ़कर सिलेंडर उतारने का प्रयास किया और वैन में बैठे सुरेंद्र के बेटे उत्कर्ष राय की लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित की जेब से पैसे भी छीन लिए। पेट्रोल पंप कर्मियों और राहगीरों को अपनी ओर आता देख आरोपी गाड़ी की चाबी लेकर वहां से भाग निकले। घटना से एजेंसी कर्मचारियों में भय का माहौल है। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव के कुशल निर्देशन में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक मंशा राम गुप्ता को सौंपी गई है。
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी