जौनपुर। जिले के धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र के किरतापुर गांव में तैनात ग्राम पंचायत सचिव अरविंद सिंह चौहान को शासकीय कार्यों में घोर लापरवाही बरतने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) मीनाक्षी देवी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बीडीओ धर्मापुर की प्रतिकूल रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
बता दें कि सचिव अरविंद सिंह चौहान पर विभागीय बैठकों से नदारद रहने, ग्राम पंचायत सचिवालय (पंचायत भवन) पर उपस्थित न होने और ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण में रुचि न लेने जैसे गंभीर आरोप थे। बीडीओ कृष्ण मोहन यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सचिव द्वारा लगातार अनुशासनहीनता की जा रही थी। वे न तो विकास कार्यों की समीक्षा बैठकों में शामिल हो रहे थे और न ही ग्रामीणों के लंबित कार्यों का निपटारा कर रहे थे। सचिव की इस कार्यशैली की विस्तृत रिपोर्ट डीडीओ को प्रेषित की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए डीडीओ मीनाक्षी देवी ने निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की है। इस कार्रवाई से ब्लॉक के अन्य लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी