RAMPUR. जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम पुलिस चेकिंग के दौरान नकाबपोश बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने से पुलिसकर्मियों में दहशत का माहौल है। हालांकि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम बाल-बाल बच गए, हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है
पुलिस की माना जाए तो थाना रामपुर प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ उच्चाधिकारियों के निर्देश पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के लिए रसवदिया पुलिस बूथ के आगे संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अपने हमराह पुलिसकर्मियों उपनिरीक्षक मंजीत कुमार, कांस्टेबल विनोद प्रजापति एवं कांस्टेबल सोनू यादव के साथ मौजूद थे।
चेकिंग के दौरान लगभग रात 8:45 बजे एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, सामने से आती दिखाई दी। बाइक पर तीन संदिग्ध युवक सवार थे, जिनकी पहचान अंधेरे के कारण नहीं हो रही थी।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने अचानक वाहन मोड़ लिया, पुलिस ने तीनों को संदिग्ध मानते हुए पीछा किया जिसके बाद बाइक के पीछे बैठे तीनों में से पीछे बैठे एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर लक्ष्य साधते हुए जानलेवा हमला करते हुए असलहे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से पुलिस कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस टीम ने बिना अपनी जान की परवाह किए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन नकाबपोश तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बरसठी क्षेत्र की ओर भागने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी