शीतला प्रसाद सरोज
मुंबई। सामाजिक संस्था पीएस फाउंडेशन द्वारा थैलेसीमिया रोग से पीड़ित बच्चों की सहायता हेतु रविवार को अंधेरी (पूर्व) के एमआईडीसी, कोंडीवीटा स्थित संस्था कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 201 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
संस्थाध्यक्ष प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर के संबंध में पीएस फाउंडेशन महिला स्वावलंबन समिति की अध्यक्ष और कार्यक्रम आयोजक स्वीकृति शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले सात वर्षों से निरंतर इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। शिविर के माध्यम से एकत्रित रक्त को थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों की सहायता के लिए विभिन्न ब्लड बैंकों के जरिए दान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग रक्तदान करने पहुंचे, जिनका पहले चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, उसके बाद 201 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम देर शाम तक जारी रहने के कारण रक्तदाताओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई।

रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। शिविर में गोरेगांव स्थित मीना ताई ठाकरे ब्लड बैंक के डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुधीर कावा, सचिन गावकर, अश्वनी चारी, दीपिका तोमर, नागेंद्र तोमर, विशाल लादे, संजय गुप्ता, गौरव अड़सूले सहित पीएस फाउंडेशन के महिला एवं पुरुष टीम के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी