जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना गेट संख्या 10सी से आगे साईं मंदिर के पास की बताई जा रही है, जहां इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से महिला को गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंटरसिटी ट्रेन मड़ियाहूं स्टेशन से जौनपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के इटायें गांव निवासी केवला देवी (65) पत्नी कमलेश चौहान रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। अचानक ट्रेन को करीब आता देख वह घबरा गईं और संतुलन बिगड़ने से ट्रेन की चपेट में आकर गिर पड़ीं। हादसे में उनके सिर, हाथ तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार भारतीय ने बताया कि महिला गंभीर रूप से घायल थीं, इसलिए बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी