जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के एक गाँव में गुरुवार सुबह एक युवती अबूझ हालात में आग की चपेट में आकर गम्भीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और युवती को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुँचाया। जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार तारगहना गाँव निवासी बजरंगी सोनकर की 22 वर्षीय पुत्री सीता काफी समय से अस्वस्थ चल रही थी। ग्रामीणों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही थी। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह उसने घर में अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुँचे पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई।
इसके बाद परिजन युवती को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी लेकर पहुँचे। वहाँ मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गम्भीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी