जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम असवां में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम असवां स्थित भीटा खाते की सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान स्थिति सामान्य रही और राजस्व विभाग की टीम कार्रवाई पूरी कर वापस लौट गई।
बताया जाता है कि राजस्व टीम के लौटने के बाद भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल गांव में तैनात रहा। इसी दौरान गांव निवासी ऋषभ यादव पुत्र अशोक यादव अचानक उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उसने ईंट-पत्थरों तथा लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी लगातार पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए स्वयं को सुरक्षित किया।
एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक हमले में पुलिसकर्मी मंजीत कुमार, सुरेश सिंह और परमानंद गौड़ घायल हो गए। वहीं हमले के दौरान गांव निवासी रमेश का टिनशेड भी ईंट-पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद गांव में देर तक तनाव का माहौल बना रहा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रामपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ यादव को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमले के मामले में आरोपी के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी