रामपुर। जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन बाजार में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी, आभूषण, दवाइयों एवं अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार चोरों ने बाजार स्थित देवी आभूषण भंडार, श्री साईं मिष्ठान भंडार, एम.एस. एकेडमी, श्री शिव मेडिकल स्टोर सहित कई अन्य प्रतिष्ठानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों से नकदी, कीमती सामान तथा अन्य मूल्यवान वस्तुएं समेट ले गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए तथा कई कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी पहचान न हो सके।
घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह व्यापारियों की भीड़ बाजार में जुट गई। सूचना पर पहुंची रामपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

व्यापारियों का कहना है कि 25 जनवरी 2026 को भी इसी बाजार में बड़ी चोरी की घटना हुई थी, लेकिन उसका अब तक खुलासा नहीं हो सका। लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी