जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र में शनिवार भोर लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर जहरूद्दीनपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ही दिशा से आ रहे वाहनों में जोरदार टक्कर में पिकअप चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि पिकअप सवार एक अन्य साथी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाते हुए शव और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप यूपी 62 सीटी 0340 मुर्गा लादकर सूरापुर की तरफ से शाहगंज की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण शनिवार भोर लगभग साढ़े चार बजे के आसपास जहरूद्दीनपुर गांव के पास आगे चल रहे ट्रक यूपी 78 सीटी 0109 में पीछे से जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान पिकअप चालक शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सेठुआपारा गांव निवासी सोनू पुत्र याकूब और उसमें सवार शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सहावै गांव निवासी दीपक गुप्ता पुत्र जोखू और अनस पुत्र नियाज अहमद उम्र 20 वर्ष घायल हो गए। जिसमें अनस की मौके पर ही मौत हो गई।उधर शाहगंज स्थित राजकीय पुरुष अस्पताल से घायल सोनू को हालत गंभीर होने के कारण रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज रफ्तार नहीं होती तो हादसा नहीं होता।वहीं थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि भोर में चालक को झपकी आना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी