जौनपुर। जिले के जंघई पुलिस चौकी के सामने मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा कार को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियांव-जंघई रेलवे फाटक निवासी नूर आलम का 22 वर्षीय पुत्र इमरान मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपनी टीवीएस विक्की बाइक का पंचर बनवाने जंघई बाजार गया था। पंचर बनवाकर वह करीब आठ बजे घर लौट रहा था। इसी दौरान जंघई पुलिस चौकी के सामने सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल इमरान को तत्काल उपचार के लिए फूलपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हंडिया रेफर कर दिया। हंडिया ले जाते समय रास्ते में ही इमरान ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इमरान चार भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था तथा शादी-विवाह समारोहों में लाइटिंग का कार्य कर परिवार का सहयोग करता था।
मीरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी