शीतला प्रसाद सरोज मुंबई
MUMBAI. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है और उत्तर भारतीय समाज को हर स्तर पर प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि आज महाराष्ट्र की महायुति सरकार में उत्तर भारतीय समाज का कोई भी प्रतिनिधि मंत्री नहीं है, जो चिंता का विषय है।

वर्षा गायकवाड रविवार को शाम मुंबई कांग्रेस उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ की ओर से गोरेगांव (पश्चिम) के राम मंदिर रोड, अमृतनगर स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित उत्तर भारतीय सम्मेलन एवं पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि मुंबई ऐसी जगह है जो यहां आता है, यहीं का हो जाता है। गंगा-जमुनी संस्कृति हमारी देश की धरोहर है और इसे संभालने का कार्य कांग्रेस करेगी। गायकवाड ने कहा कि पार्टी ने उत्तर भारतीयों को मंत्री पद से लेकर संगठन के हर स्तर पर सम्मान दिया है, और आने वाले समय में भी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी व मान-सम्मान मिलेगा।

भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि “यहां सुख-सुविधाएं न तो मराठी को मिलती हैं, न उत्तर भारतीय को। सारी सुविधाएं अडानी-अंबानी जैसे घरानों को मिलती हैं — यह देश का दुर्भाग्य है।”
उन्होंने आगे कहा कि जब लॉकडाउन के दौरान लोगों को घर जाने के लिए साधन नहीं थे, तब कांग्रेस ने सबसे पहले उत्तर भारतीयों को उनके घर भेजने का कार्य किया।
वर्षा गायकवाड ने महानगरपालिका चुनाव न होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि “तीन साल से मुंबई में बीएमसी चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे जनता का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।”
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी मिलकर लड़ाई लड़ें और महायुति को बाहर का रास्ता दिखाएं।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “जीएसटी और नोटबंदी के नाम पर जनता को लूटा गया है। अमेरिकी टैरिफ नीति से व्यापारी तबाह हो रहे हैं। राहुल गांधी ने वोट चोरी का जो मुद्दा उठाया है, उसका जवाब न तो चुनाव आयोग के पास है और न ही सरकार के पास।”
कार्यक्रम के आयोजक और मुंबई कांग्रेस उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अवनीश तीर्थराज सिंह ने कहा कि “कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है, बस समय का चक्र है जो बदलने वाला है। विपक्ष धर्म और जाति के नाम पर जनता को बांटकर राज कर रहा है, लेकिन अब जनता जवाब देने को तैयार है।”
उन्होंने कहा कि “आज रोजगार के साधन न होने से नौजवान देश छोड़कर विदेश जा रहे हैं। आने वाले समय में उत्तर-पश्चिम जिला कांग्रेस का गढ़ साबित होगा, जहां से हमारा सांसद, विधायक और नगरसेवक चुने जाएंगे।”
कार्यक्रम का संचालन जयकुमार सिंह ने तथा अतिथियों के प्रति आभार प्रीतम सिंह ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव महेश मालिक, पूर्व नगरसेवक इकबाल हाफिजी, कांग्रेस सेवादल के रामसेवक यादव, धनंजय तिवारी, एमएम यादव, गफूर खान, एमए कश्मीरी, शमा दलवाई, जावेद अंसारी, मोबिन पठान, संतोष सिंह, राज गुप्ता, मनोज सिंह, सूर्यकांत मिश्रा और जयकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी