BARASATHI. जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के सरसरा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में ममेरे भाई की शादी में जा रही पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में उसके माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, महुलीहर के नंदलालपुर निवासी पंकज जायसवाल अपनी पत्नी आरती और बेटी अनन्या (5) के साथ बाइक से भदोही स्थित ससुराल रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे सरसरा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुँचे, सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीनों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहाँ से पंकज जायसवाल के दोनों पैर टूटने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी पत्नी आरती की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। वहीं करीब पांच वर्षीय अनन्या की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बच्ची अपने माता-पिता के साथ ममेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रही थी, जहां सोमवार को हल्दी व मंगलवार को शादी का कार्यक्रम था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी