JAUNPUR. जौनपुर में आमजन को पुलिस आपात सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यूपी-112 द्वारा जनपद जौनपुर में “जन-जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” थीम पर विशेष अभियान चलाया गया। यह दो दिवसीय अभियान पुलिस महानिदेशक यूपी-112 श्रीमती नीरा रावत के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है।
यूपी-112 टीम ने थाना केराकत, गौराबादशाहपुर एवं शाहगंज क्षेत्र के कस्बों व प्रमुख चौराहों पर नुक्कड़ नाटक एवं एलईडी वीडियो वैन के माध्यम से आम नागरिकों को आपात सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, नाइट एस्कॉर्ट सेवा, सवेरा योजना, सड़क सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कस्बा केराकत में महिला सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं गौराबादशाहपुर में महिलाओं व बुजुर्गों को आपात कॉल प्रक्रिया की जानकारी दी गई। शाहगंज क्षेत्र के अहिरौला पड़ाव पर बुजुर्गों के लिए संचालित सवेरा योजना पर विशेष चर्चा की गई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल करना सबसे तेज़, सरल और भरोसेमंद माध्यम है। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी