शीतला प्रसाद सरोज मुंबई
MUMBAI. मनपा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे मुंबई के वार्डों में सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। कहीं प्रत्याशियों के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है तो कहीं त्रिकोणीय संघर्ष के आसार बन रहे हैं। इसी कड़ी में मनपा प्रभाग-61 इस समय सबसे अधिक चर्चा में है, जहां कांग्रेस की उत्तर भारतीय मूल की प्रत्याशी दिव्या अवनीश सिंह और शिवसेना (शिंदे) की उम्मीदवार राजुला ताई पटेल के बीच सीधा मुकाबला होने के संकेत मिल रहे हैं।

इस वार्ड पर बीते दो दशकों से अविभाजित शिवसेना का कब्जा रहा है। हालांकि शिवसेना में विभाजन के बाद अब राजनीतिक परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार कांग्रेस ने दिव्या अवनीश सिंह को मैदान में उतारकर मुकाबले को बेहद रोचक और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। ऐसे में लंबे समय से नगरसेविका रही राजुला ताई पटेल के लिए राह आसान नहीं दिख रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दिव्या सिंह का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। इसकी प्रमुख वजह बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय मतदाताओं का कांग्रेस प्रत्याशी की ओर झुकाव बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस वार्ड में लगभग 54,613 मतदाता हैं, जिनमें मराठी, उत्तर भारतीय, गुजराती, मुस्लिम एवं अन्य समुदायों के लोग शामिल हैं।रविवार को दिव्या सिंह ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने शक्तिनगर, आनंदनगर बीएमसी कॉलोनी, कदम नगर, बेहरामबाग, संतोषनगर, जय अंबे एसएआर सोसायटी, तारापुर टॉवर, फकीरवाड़ी और गणेशनगर सहित कई इलाकों का तूफानी दौरा कर जनसंपर्क किया। इस दौरान सभी जाति और धर्म के लोगों ने दिव्या सिंह की उम्मीदवारी पर खुशी जताते हुए उन्हें पूरा समर्थन देने और नगरसेवक बनाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर दिव्या सिंह ने कहा कि यदि जनता के आशीर्वाद से वह नगरसेवक चुनी जाती हैं, तो क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देंगी और किसी को भी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।
गौरतलब है कि दिव्या सिंह, कांग्रेस उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ मुंबई के अध्यक्ष एडवोकेट अवनीश सिंह की पत्नी हैं। अवनीश सिंह ने वर्सोवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सामाजिक और रचनात्मक कार्य किए हैं। विशेष रूप से कोविड काल में उनके द्वारा की गई जनसेवा को आज भी लोग याद करते हैं, जिसका लाभ दिव्या सिंह को इस चुनाव में मिलता नजर आ रहा है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी