JAUNPUR. मुंबई से जौनपुर की ओर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक अधेड़ व्यक्ति की कटकर मौत हो जाने का मामला सामने आया है। यह घटना प्रयागराज–जौनपुर रेल प्रखंड मार्ग पर बरसठी रेलवे स्टेशन अंतर्गत हशिया गांव के पास की बताई जा रही है, जहां रेलवे पटरी पर शव पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, गोदान ट्रेन के गुजरने के कुछ समय बाद प्रयागराज संगम स्नान के लिए चलाई जा रही प्रयागराज–जौनपुर मेमो ट्रेन उसी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान मेमो ट्रेन के चालक की नजर पटरी पर पड़े शव पर पड़ी। चालक ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रोक दिया और जीआरपी जंघई को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी जंघई तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि मृतक गोदान एक्सप्रेस से अपने घर की ओर यात्रा कर रहा था और संभवतः संतुलन बिगड़ने या किसी अन्य कारण से ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी