MARIYAHU. रामनगर विकास खंड के जमालापुर स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में आज अपना दल (एस) पार्टी द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक समरसता और कर्पूरी ठाकुर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अद एस के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर पटेल ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य ललई सरोज ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती हर वर्ष 24 जनवरी को मनाई जाती है। वे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी तथा शोषित-वंचित समाज के सच्चे मसीहा थे। 24 जनवरी 1924 को जन्मे कर्पूरी ठाकुर अपनी सादगी, ईमानदारी और सामाजिक न्याय के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध रहे। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का कार्य किया। वर्ष 2024 में उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया, जो उनके योगदान का प्रमाण है।
विशिष्ट अतिथि संतोष जायसवाल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर एक प्रखर भारतीय राजनीतिज्ञ थे, जिन्होंने दो बार बिहार के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उनका पहला कार्यकाल दिसंबर 1970 से जून 1971 तक तथा दूसरा कार्यकाल जून 1977 से अप्रैल 1979 तक रहा। वे जननायक के नाम से लोकप्रिय थे और उन्होंने हमेशा गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष लाल बहादुर पटेल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को समाज सेवा, शिक्षा और अपने समुदाय के उत्थान में विशेष रुचि थी। वे आजीवन जनता की भलाई के लिए समर्पित रहे और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र पटेल ने किया। इस अवसर पर ऋषि जायसवाल, सुरेश पटेल, चन्द्रशेखर पटेल, अरविन्द शर्मा, मंगेश यादव, अनिल पटेल, विजय सिंह, अमित दुबे, कालीचरण पटेल, प्रियांशु शर्मा, अंकुर शर्मा, माधव मोदनवाल, पंकज शर्मा, कलामुद्दीन, ऋतिक जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी