शीतला प्रसाद सरोज मुंबई
MUMBAI. मुंबई स्थित ‘क्षत्रिय गौरव सेवा संस्था’ ने अंधेरी (पूर्व) के अंधेरी-कुर्ला रोड स्थित प्रकाशवाडी में सम्मान समारोह आयोजित कर मुंबई भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह को ‘बेस्ट’ समिति का सदस्य मनोनीत किए जाने पर सत्कार किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष विजय सिंह ‘गब्बर’ ने की। उन्होंने कहा कि जब अपने समाज, गांव या देश का कोई व्यक्ति मुंबई जैसे शहर में राजनीति, उद्योग अथवा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करता है,तो पूरे समाज को गर्व और संतोष की अनुभूति होती है। सफल व्यक्ति ही अपने समाज और कुल के उत्थान में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में संपन्न मनपा चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा क्षत्रिय समाज के किसी भी प्रतिनिधि को टिकट न दिया जाना समाज के लिए निराशाजनक रहा, जबकि समाज का समर्थन सदैव इस पार्टी के साथ रहा है।

सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अजय सिंह ने कहा कि ‘बेस्ट’ समिति सदस्य के रूप में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा,पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुंबई की परिवहन एवं विद्युत सेवाओं को और अधिक सुदृढ़,आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में वे सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की मड़ियाहूं तहसील अंतर्गत ग्राम अढ़नपुर (जमालापुर) निवासी अजय सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत मुंबई के सांताक्रुज क्षेत्र से की। निरंतर जनसंपर्क, संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय भूमिका के बल पर वे आज मुंबई भाजपा के प्रवक्ता के रूप में सशक्त पहचान स्थापित कर चुके हैं।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सुधाकर सिंह विशेन, राम सुरेश सिंह, राकेश सिंह, नंदलाल सिंह, दिग्विजय सिंह, विनोद सिंह, सुरेंद्र सिंह, घनश्याम सिंह, राजहंस सिंह, महेश सिंह चौहान सहित कई पदाधिकारी और मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, पत्रकार गंगाराम विश्वकर्मा ने भी अजय सिंह को ‘बेस्ट’ समिति सदस्य बनाए जाने की खुशी में सत्कार किया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी