जौनपुर। दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार आरोपी विशाल रंजन को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी को शनिवार को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया था और सोमवार देर शाम दीवानी न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को ईमेल के माध्यम से दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और न्यायालय परिसर व पुलिस लाइन में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
सहायक पुलिस अधीक्षक गोपी गुप्ता ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में साइबर तकनीक की मदद से ईमेल के स्रोत तक पहुंचा गया, जिसके बाद पुलिस और एटीएस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को आजमगढ़ से हिरासत में लिया।
सोमवार शाम करीब 6:30 बजे आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय अन्नपूर्णा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया गया। सुरक्षा कारणों को देखते हुए आरोपी को गोपनीय तरीके से अदालत लाया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था। साइबर माध्यम से दी जाने वाली धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी