LRAMPUR. जौनपुर जनपद के नगर पंचायत रामपुर स्थित बरसठी तिराहे पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में दो पहिया वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर गहन जांच-पड़ताल की।
चेकिंग के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट चलने वाले बाइक चालकों, तीन सवारी बैठाकर चलने वालों तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी गई। कई वाहन चालकों को रोककर उनके ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात एवं नंबर प्लेट की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई, वहीं कुछ लोगों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर चलने, वाहन पर दो से अधिक सवारी न बैठाने तथा सभी आवश्यक कागजात साथ रखने की अपील की।
अभियान के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। अचानक चलाए गए इस चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इसी प्रकार सघन चेकिंग अभियान समय-समय पर चलाया जाता रहेगा, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी