जौनपुर। जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दिनदहाड़े गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में हमलावरों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली मार दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के समोदीपुर गांव निवासी लक्ष्मी शंकर यादव (45 वर्ष), पुत्र उमापति यादव, गुरुवार सुबह लगभग 10:00 बजे दुधओरा चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान दो हमलावर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से लक्ष्मी शंकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति जान बचाकर वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी