जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र की गैरवाह पश्चिम पूरा गांव निवासिनी व सुल्तानपुर जनपद के अखण्ड नगर शिक्षा क्षेत्र में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापिका के पति से सोमवार दोपहर असलहे के बल पर बदमाशों ने नकदी व बाइक लूट ली। घटना गेठुआ गांव के पास हुई। सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि गैरवाह पश्चिम पूरा गांव निवासिनी मिथिलेश सिंह सुल्तानपुर जनपद के जगदीशपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापिका पद पर तैनात हैं। सोमवार दोपहर विद्यालय बंद होने पर पत्नी को रिसीव करने उनके पति राजकुमार सिंह हीरो स्प्लेंडर बाइक यूपी 62सीएफ 5399से घर से विद्यालय के लिए जा रहे थे। रास्ते में गेठुआ गांव के पास सड़क के किनारे तीन युवक खड़े थे। ब्रेकर होने के कारण जैसे ही उन्होंने बाइक धीमी की, बदमाशों ने बाइक पकड़कर चाभी निकाल ली। विरोध करने पर असलहा सटाकर उनका मोबाइल और जेब में रखे तीन सौ रुपये नकद छीन लिए।बदमाश मोबाइल व नकदी छीनने के बाद बाइक लेकर अलीपुर की तरफ भाग निकले। हालांकि जाते-जाते मोबाइल वापस कर गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान व तलाश में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत है।इस बाबत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले छानबीन की जा रही है, शीघ्र ही घटना को अंजाम देने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी