जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के सुखलालगंज बाजार में मंगलवार दोपहर उधार समोसा न देने के विवाद में एक महिला दुकानदार पर खौलता तेल फेंक दिया गया। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार सुखलालगंज बाजार निवासी पूनम (55), पत्नी प्रेम शंकर हलवाई, अपनी दुकान पर थीं। इसी दौरान बाजार का रहने वाला अमीन उर्फ दत्तन उधार समोसा मांगने पहुंचा। उधार देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में अमीन ने कड़ाही में खौल रहा तेल पूनम के ऊपर फेंक दिया। महिला ने बचने का प्रयास किया, जिससे तेल सीधे शरीर पर न गिरकर उनके दोनों पैरों पर व शरीर के कुछ हिस्से पर गिरा और वे झुलस गईं।
घटना से बाजार में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी अमीन उर्फ दत्तन को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर बाजार में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी