विनय श्रीवास्तव रिपोर्टर
पालघर (मनोर )। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को मनोर में भव्य शोभायात्रा, बिरसा मैराथन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आदिवासी विकास विभाग, डहाणू एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना तथा बिरसायत (महाराष्ट्र) आदिवासी एकता मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे बिरसा मैराथन से हुई। इसमें आदिवासी समाज के युवाओं और नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। मैराथन के पुरस्कार वितरण समारोह में डहाणू के परियोजना अधिकारी एवं पालघर के सहायक जिलाधिकारी पी. सिद्धार्थ रामकुमार (आईएएस), बन्सीलाल पाटील, सूरज बोबडे और यदुनाथ भोये सहित स्वामी भारतानंद सरस्वती महाराज, बिरसायत के संस्थापक अध्यक्ष संतोष शिवराम जनाठे, उपाध्यक्ष दामोदर कास्ट, शिवध्येय अकादमी के संस्थापक दिग्विजय कुमावत और जिलाध्यक्ष जयेंद्र घाटाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
सुबह 10.30 बजे बिरसायत भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों, संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। शाम को भगवान बिरसा मुंडा चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद भव्य शोभायात्रा एवं जनजागृति रैली निकाली गई।
इस अवसर पर बिरसायत के संस्थापक अध्यक्ष संतोष शिवराम जनाठे, शिवसेना जिला प्रमुख वसंतभाई चव्हाण, सुमती जैन, प्रशांत घोसालकर, मधुकर पाटील, रुफी भुरे और उपसरपंच मंगेश गोंड सहित कई गणमान्य मौजूद रहे। सांसद डॉ. हेमंत सवरा तथा विधायक हर्षचंद्र भोये और राजेंद्र गावित ने भी शोभायात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा में तारपा, टिपरी, गोवरी और सांगड जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों ने आकर्षण बढ़ाया। वेदांत म्यूजिकल की प्रस्तुतियों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा मनोर क्षेत्र उत्सव के रंग में रंग गया।
आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और एकता का संदेश दिया गया।
BRC24NEWS अब खबर दिखेगी